0.6 C
New York
Saturday, February 8, 2025

Buy now

“पापा मुझे बचा लो.. पति मुझे मार देगा”: फोन कॉल के एक घंटे बाद नवविवाहिता की हत्या

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित बसरिया गांव की नवविवाहिता वर्षा कुमारी की मुंबई में हत्या कर दी गई है। यह घटना रविवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। हत्या का आरोप उसके पति मनीष कुमार दांगी पर है। घटना से एक घंटे पहले वर्षा ने अपने पिता को फोन करके पति द्वारा बुरी तरह मारपीट किए जाने की जानकारी दी थी। वर्षा के पिता, प्रसिद्ध क्रशर व्यवसायी राजेश प्रसाद मेहता, इचाक जमुआरी के मूल निवासी हैं और वर्तमान में हजारीबाग के न्यू एरिया स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास रहते हैं।

परिवार में मचा कोहराम, पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार

वर्षा की हत्या की खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन तुरंत मुंबई पहुंच गए थे, जहां वर्षा का शव पुलिस की देखरेख में रखा गया था। परिजनों ने बताया कि मनीष कुमार को पुलिस ने वर्षा द्वारा भेजे गए ऑडियो के आधार पर गिरफ्तार किया है, जिसमें वह अपने पिता को रोते हुए मारपीट की जानकारी दे रही थी और कह रही थी कि उसका पति उसे जान से मार देगा। ऑडियो के एक घंटे बाद ही उसकी हत्या हो गई।

हत्या को फांसी का रूप देने की कोशिश, ऑडियो से हुआ खुलासा

परिजनों ने यह भी बताया कि मनीष ने पहले हत्या को फांसी का रूप देने की कोशिश की थी, ताकि पुलिस और स्वजन को धोखा दिया जा सके। लेकिन वर्षा द्वारा भेजे गए ऑडियो के सामने आने के बाद सच्चाई उजागर हो गई और पुलिस ने मनीष को गिरफ्तार कर लिया।

सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताकर की थी शादी, पैसे की कर रहा था मांग

दअरसल ,मनीष कुमार ने खुद को सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताकर वर्षा से शादी की थी। लेकिन शादी के बाद, जब वह मुंबई पहुंची, तो मनीष की असलियत सामने आ गई। इसके बाद से वह लगातार ससुराल से पैसों की मांग करने लगा। जानकारी के मुताबिक, 15 सितंबर को वर्षा के पिता ने मनीष को 50 हजार रुपये भी भेजे थे।

परीक्षा खत्म होने के बाद मुंबई गई थी वर्षा

वर्षा अनंदा कॉलेज में वाणिज्य विषय से स्नातक कर रही थी और चौथे सेमेस्टर की छात्रा थी। दो महीने पहले उसकी परीक्षा खत्म हुई थी, जिसके बाद वह अपने पति के साथ मुंबई गई थी। वर्षा की मौत की सूचना पुलिस ने ही उसके परिजनों को दी थी, जिसके बाद यह दर्दनाक घटना उजागर हुई।

  • खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles